भिलाई में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पथराव में CSP समेत 5 घायल

छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। शुरुआत बच्चों के बीच कहासुनी से हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए और मामला मारपीट व पथराव तक पहुंच गया।

घटना के दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की, जिसमें मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी चपेट में आ गई। इस दौरान छावनी CSP सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और अलग-अलग हिस्सों में लगातार गश्त जारी है।

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष सोनकर मोहल्ले के रहने वाले हैं। विवाद बढ़ने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पुलिस अधिकारियों और कई थाना प्रभारियों को तत्काल मौके पर बुलाया गया और देर रात तक स्थिति संभालने की कोशिश जारी रही।

घटना के बाद कुछ संगठनों के लोगों ने छावनी थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

इस मामले में एक नया एंगल भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मोहल्ले का एक युवक एक युवती को लेकर भाग गया था। बाद में दोनों को वापस बुलाया गया और युवक को जेल भेज दिया गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है। इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button