राज्यसभा चुनाव: 26 निर्विरोध, बिहार-ओडिशा-हरियाणा में ‘कांटे की टक्कर’

दिल्ली। आज देश के सात राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए सियासी सरगर्मी तेज है। जहाँ 26 सदस्य पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, वहीं बिहार, ओडिशा और हरियाणा की शेष सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले मतदान के नतीजे आज शाम तक स्पष्ट हो जाएंगे।
निर्विरोध चयन और प्रमुख चेहरे
निर्विरोध चुने गए दिग्गजों में शरद पवार, रामदास अठावले, अभिषेक मनु सिंघवी और विनोद तावड़े जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन सीटों पर समीकरण साफ होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी।
तीन राज्यों का पेचीदा समीकरण
असली चुनौती उन सीटों पर है जहाँ संख्या बल और उम्मीदवारों की संख्या के बीच फासला कम है:
बिहार: यहाँ पांचवीं सीट के लिए NDA के उपेंद्र कुशवाहा और महाठबंधन के एडी सिंह के बीच सीधी टक्कर है। महागठबंधन को जीत के लिए 41 वोट चाहिए, जबकि उसके पास फिलहाल 35 विधायक हैं। हालांकि, AIMIM के 5 विधायकों के समर्थन से उनका पलड़ा भारी दिख रहा है, लेकिन NDA सेंधमारी की कोशिश में है।
ओडिशा: यहाँ चौथी सीट के लिए गणित उलझा हुआ है। BJP को अपने तीसरे उम्मीदवार की जीत के लिए 8 अतिरिक्त वोटों की दरकार है, जबकि BJD और कांग्रेस गठबंधन अपनी बढ़त बनाए रखने की कोशिश में हैं। BJP समर्थित दिलीप रे की नजर विपक्षी खेमे के विधायकों पर है।
हरियाणा: यहाँ निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। कांग्रेस को ‘क्रॉस-वोटिंग’ का डर सता रहा है, जिसके चलते पार्टी ने अपने अधिकांश विधायकों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है।





