राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ‘अपमान’ पर पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला, कहा- नारी शक्ति और आदिवासी समाज माफ नहीं करेगा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान को लेकर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बंगाल में राष्ट्रपति का अनादर न केवल एक महिला का, बल्कि नारी शक्ति, आदिवासी समाज और संवैधानिक परंपराओं का भी अपमान है।
दिल्ली में मेट्रो सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संथाल आदिवासी परंपरा से जुड़े एक महत्वपूर्ण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल गई थीं, लेकिन टीएमसी सरकार ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस फैसले के कारण कार्यक्रम का प्रबंधन भी प्रभावित हुआ और यह राष्ट्रपति, संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता, आदिवासी समाज और देश की नारी शक्ति इस घटना के लिए टीएमसी को कभी माफ नहीं करेगी।
33,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि दिल्ली में विकास को गति देने के लिए 33,500 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है।
‘लखपति दीदी’ योजना पर भी किया जिक्र
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले सरकार ने 3 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा था। अब यह लक्ष्य पूरा हो चुका है और देश में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
पूर्व केजरीवाल सरकार पर भी निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की पूर्व केजरीवाल सरकार पर भी तंज कसते हुए कहा कि पहले परियोजनाएं फाइलों में अटक जाती थीं, लेकिन अब जमीन पर तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि मेट्रो के नए सेक्शन के शुरू होने से खासकर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर शहरों से दिल्ली आना-जाना भी पहले से आसान होगा।





