केरल में राहुल गांधी ने किया कलारी मार्शल आर्ट का अभ्यास, छात्रों से राजनीति और एआई पर की चर्चा

इडुक्की (केरल)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केरल के इडुक्की स्थित मैरियन कॉलेज में छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक मार्शल आर्ट कलारीपयट्टू (कलारी) का अभ्यास भी किया और छात्र-छात्राओं के साथ फिल्म, राजनीति, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

अभ्यास शुरू करने से पहले राहुल गांधी ने पारंपरिक अभिवादन वंदनम किया, जिसमें प्रशिक्षण स्थल, गुरु और देवता को सम्मान दिया जाता है।

बताया गया कि राहुल गांधी पहले से ही मार्शल आर्ट आइकिडो में प्रशिक्षित हैं और उन्होंने वर्षों की प्रैक्टिस के बाद ब्लैक बेल्ट हासिल की है। इसके अलावा वे ब्राजीलियन जिउ-जित्सु का भी अभ्यास कर चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों को जिउ-जित्सु के कुछ मूव्स भी दिखाए थे।

कलारीपयट्टू को दुनिया की सबसे प्राचीन मार्शल आर्ट में से एक माना जाता है, जिसकी शुरुआत केरल में हुई थी। इसमें शारीरिक फिटनेस, लचीलापन, हथियारों के साथ प्रशिक्षण और बिना हथियार के लड़ाई की तकनीक शामिल होती है। यह कला तेज मूवमेंट, छलांग और घूमने वाली तकनीकों के लिए जानी जाती है।

फिल्म और मीडिया पर भी बोले राहुल गांधी

छात्रों से बातचीत के दौरान एक छात्र ने फिल्मों के प्रोपेगैंडा के रूप में इस्तेमाल को लेकर सवाल किया। इस पर राहुल गांधी ने फिल्म “द केरल स्टोरी-2” का जिक्र करते हुए कहा कि यह फिल्म दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि देश में अभी भी बहुत से लोग केरल की परंपराओं और संस्कृति को समझते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के समय में फिल्मों, टेलीविजन और मीडिया का तेजी से “हथियार” की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोगों को बदनाम करने और समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश होती है।

मिडिल ईस्ट संघर्ष पर जताई चिंता

राहुल गांधी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष ऊपर से अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच दिखाई देता है, लेकिन इसके पीछे अमेरिका, चीन और रूस के बीच बड़ा भू-राजनीतिक मुकाबला भी जुड़ा हुआ है।

उन्होंने चेतावनी दी कि मध्य पूर्व से ऊर्जा आपूर्ति पर निर्भर होने के कारण इस तरह के संघर्षों का भारत की अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई