ईरान-इजराइल तनाव का असर: रायपुर से दुबई-अबूधाबी की 300 टिकटें रद्द, 54 लोग अब भी फंसे

ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का असर प्रदेश में भी देखने को मिल रहा है। रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्न शहरों से दुबई और अबूधाबी जाने वाले करीब 250 से 300 यात्रियों ने अपनी टिकटें रद्द करा दी हैं। इनमें से अधिकांश यात्रियों की उड़ान 2 और 3 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन हालात को देखते हुए लोगों ने यात्रा टाल दी।

टूर एंड ट्रैवल्स संचालकों के अनुसार दुबई और अबूधाबी में छत्तीसगढ़ के 54 लोग फंसे हुए हैं। इनमें रायपुर के 12 से 14 लोग शामिल बताए जा रहे हैं। ये यात्री एयरपोर्ट और होटलों में ठहरे हुए हैं। अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन निर्धारित उड़ानें नहीं होने से परिजन चिंतित हैं।

दुबई में फंसे एक यात्री ने बताया कि वे पिछले 48 घंटे से अधिक समय से एयरपोर्ट पर हैं। रोजाना 10 से 12 घंटे तक इंटरनेट सेवाएं बाधित हो रही हैं और मोबाइल नेटवर्क भी ठीक से काम नहीं कर रहा। एयरपोर्ट के भीतर रहने के बावजूद धमाकों की आवाज सुनाई देती है। फ्लाइट अचानक रद्द कर दी गई और अगली उड़ान कब होगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। सुरक्षा कारणों से ग्रुप में बाहर निकलने पर रोक है और केवल आवश्यक सामान लाने के लिए एक व्यक्ति को ही बाहर जाने की अनुमति दी जा रही है।

रायपुर के एक यात्री, जो अबूधाबी जाने वाले थे, ने बताया कि वे बेंगलुरु से उड़ान भरने की तैयारी में थे, तभी बेटे ने फोन कर एयरपोर्ट के आसपास धुआं उठने की जानकारी दी और फिलहाल यात्रा टालने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने अपनी यात्रा स्थगित कर दी।

रमजान के दौरान उमरा के लिए सऊदी अरब जाने वाले दो जत्थों ने भी अपनी यात्रा फिलहाल रद्द कर दी है। प्रत्येक जत्थे में करीब 60 लोग शामिल थे। अब इनके ईद से पहले रवाना होने की संभावना जताई जा रही है।

ट्रैवल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के मुताबिक हालात को देखते हुए यात्री अपनी विदेश यात्रा रद्द कर देश के भीतर पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। केरल, शिमला और जम्मू-कश्मीर जैसे स्थानों के लिए बुकिंग में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई