मिडिल ईस्ट तनाव से भारत में सोना-हीरा सप्लाई पर असर की आशंका, गहने हो सकते हैं महंगे

मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब भारत के जेम्स एंड ज्वेलरी कारोबार पर पड़ने की आशंका है। दुबई का एयरस्पेस प्रभावित होने और उड़ानों में रुकावट के कारण सोने और कच्चे हीरों की सप्लाई बाधित हो सकती है। भारत दुनिया के सबसे बड़े सोना उपभोक्ता देशों में शामिल है और हीरों की कटिंग-पॉलिशिंग में अग्रणी है, ऐसे में सप्लाई चेन पर असर से कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

व्यापार से जुड़े सूत्रों के अनुसार भारत हर साल करीब 800 से 850 टन सोना आयात करता है, जिसमें 50 से 60 फीसदी हिस्सा दुबई के रास्ते आता है। इसी तरह रफ डायमंड का बड़ा हिस्सा भी दुबई से होकर भारत पहुंचता है, जो सूरत सहित अन्य केंद्रों की पॉलिशिंग इंडस्ट्री के लिए अहम है। दुबई में हालिया हमलों और एयर ट्रैफिक में बाधा के बाद कंसाइनमेंट की आवाजाही धीमी पड़ सकती है।

सूरत और मुंबई के हीरा कारोबारियों ने आशंका जताई है कि उड़ानों के अस्थायी रूप से बंद होने से शिपमेंट, मीटिंग और पेमेंट में देरी हो सकती है। दुबई भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों के बीच डायमंड ट्रेड का प्रमुख ट्रांजिट और ट्रेडिंग हब है। हवाई सेवाएं बाधित रहने पर लॉजिस्टिक्स पर निर्भर कारोबार को तात्कालिक झटका लग सकता है।

व्यापारिक अनुमान के मुताबिक 70 फीसदी से अधिक रफ और पॉलिश्ड डायमंड दुबई के जरिए विभिन्न देशों में भेजे जाते हैं। करीब 250 भारतीय हीरा कारोबारी अमीरात में अपने कार्यालय संचालित करते हैं और बड़ी संख्या में भारतीय कामगार वहां की कंपनियों में कार्यरत हैं। ऐसे में हालात बिगड़ने पर इसका असर कारोबार के साथ-साथ परिवारों पर भी पड़ सकता है।

मुंबई और सूरत के कई व्यापारियों ने फिलहाल अपनी दुबई यात्राएं स्थगित कर दी हैं। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो सोने और हीरे के आयात में देरी से घरेलू बाजार में आपूर्ति घट सकती है, जिससे गहनों की कीमतों में और बढ़ोतरी संभव है।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर भी असर पड़ा है। सूरत से दुबई और शारजाह के लिए उड़ानों में बदलाव या अस्थायी रोक से व्यापारियों और श्रमिकों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कारोबारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं और चल रहे सौदों पर संभावित प्रभाव का आकलन कर रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सप्लाई चेन में व्यवधान लंबा खिंचता है तो त्योहार और शादियों के सीजन से पहले ज्वेलरी बाजार में कीमतों का दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल उद्योग जगत स्थिति के सामान्य होने की उम्मीद में वैकल्पिक मार्गों और व्यवस्थाओं पर भी विचार कर रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई