बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, सड़क हादसा दिखाने की कोशिश; चार आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामला ग्राम खसेरा का है। जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय किशोर सारथी का शव 28 फरवरी की सुबह ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध हालत में मिला। सड़क किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई।

जांच के दौरान पुलिस को घटना संदिग्ध लगी। पूछताछ में संदेह की सुई मृतक की पत्नी रोशनी पर गई। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। रोशनी ने बताया कि उसका पिछले एक साल से गांव के ही लिलेश उर्फ मुरू के साथ प्रेम संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसी वजह से उन्होंने किशोर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

बताया गया कि 27 फरवरी की रात रोशनी ने पति को अपनी बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेजा। रास्ते में पहले से लिलेश अपने दो साथियों अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार के साथ किराए की कार लेकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही किशोर बाइक से वहां पहुंचा, आरोपियों ने कार से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। घटनास्थल पर घसीटने के निशान भी मिले।

पुलिस ने पत्नी की निशानदेही पर उसके प्रेमी और दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button