फर्जी इसरो वैज्ञानिक बनकर महिलाओं से यौन शोषण और ठगी करने वाला प्लेबॉय गिरफ्तार

मुंबई। नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने फर्जी इसरो वैज्ञानिक और पीडब्ल्यूडी अधिकारी बनकर महिलाओं से शादी का झांसा देकर यौन शोषण और लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान 31 वर्षीय आदर्श प्रशांत म्हात्रे के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के अलीबाग का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह वैवाहिक वेबसाइटों के जरिए पढ़ी-लिखी और प्रोफेशनल महिलाओं को अपना शिकार बनाता था।
आरोप है कि म्हात्रे ने इसरो वैज्ञानिक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी के फर्जी पहचान पत्र बनवाकर वैवाहिक साइट्स पर प्रोफाइल तैयार की थी। उसने खुद को एक प्रभावशाली और आलीशान जीवनशैली जीने वाला व्यक्ति दिखाया। इसके लिए वह पांच सितारा होटलों में ठहरने, महंगी गाड़ियों और गोवा के कैसीनो में मौज-मस्ती की तस्वीरें अपलोड करता था। वह 12 से अधिक फर्जी नामों से अलग-अलग प्रोफाइल बनाकर महिलाओं से संपर्क करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पहले शादी का भरोसा दिलाकर महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाता था। इसके बाद उन्हें फ्लैट, जमीन या किसी अन्य निवेश के नाम पर बैंक से लोन लेने के लिए उकसाता था। जैसे ही लोन की राशि उसके खाते में ट्रांसफर होती, वह गायब हो जाता था। कुछ मामलों में शक से बचने के लिए वह नई पीड़िता से मिले पैसे से पुरानी पीड़िताओं को आंशिक भुगतान भी करता था।
राबले थाने में अगस्त 2025 में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और 20 फरवरी को उसे गिरफ्तार किया। अब तक चार महिलाओं से करीब 96.97 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड 2019 से है और उसके खिलाफ मुंबई, ठाणे व रायगढ़ में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे चार मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।





