जेएनयू प्रदर्शन मामला: पटियाला हाउस कोर्ट से 14 छात्रों को जमानत

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार सभी 14 छात्रों को अदालत से जमानत मिल गई है। सभी आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया था, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें राहत प्रदान की।
सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की। पुलिस का कहना था कि यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था और प्रदर्शनकारियों द्वारा हिंसा की गई। पुलिस के मुताबिक मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झड़प हुई, जिसमें कुछ अधिकारी घायल भी हुए। साथ ही यह भी कहा गया कि पहले भी प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग के मामले सामने आए हैं और इस संबंध में चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं।
पुलिस ने अदालत को बताया कि करीब 300 लोगों का मार्च बिना अनुमति इंडिया गेट की ओर निकाला जा रहा था। बैरिकेडिंग कर रोकने की कोशिश के दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की और हमला किया गया।
वहीं आरोपियों की ओर से पेश वकील ने अदालत में कहा कि सभी छात्र जांच में सहयोग करने को तैयार हैं और आवश्यक होने पर लिखित आश्वासन देने के लिए भी तैयार हैं। सुनवाई के दौरान एक महिला छात्रा ने आरोप लगाया कि बिना वर्दी पहने कुछ लोगों ने उसे भीड़ से जबरन खींचा, जिससे उसके हाथ में चोट आई।
गिरफ्तार छात्रों में पूर्व जेएनयूएसयू अध्यक्ष नीतीश कुमार, जेएनयूएसयू अध्यक्ष अदिति मिश्रा, वाइस प्रेसिडेंट गोपिका बाबू और जॉइंट सेक्रेटरी दानिश अली समेत अन्य शामिल हैं। अदालत के आदेश के बाद सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।





