खेलते-खेलते थम गईं सांसें: 9 साल की दिव्या की मैदान में मौत

दिल्ली।  राजस्थान के नागौर जिले से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। 23 फरवरी 2026 की सुबह गोटन कस्बे के निजी स्कूल में खेलते समय 9 वर्षीय छात्रा दिव्या को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

दिव्या, जो पांचवीं कक्षा की छात्रा थी, रोज की तरह सुबह लगभग 7:48 बजे स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना सभा से पहले वह अन्य बच्चों के साथ मैदान में खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लड़खड़ाकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।

स्कूल स्टाफ ने तुरंत उसे गोटन के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले और पूर्व में किसी गंभीर बीमारी की जानकारी भी सामने नहीं आई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दिव्या खेलते-खेलते अचानक गिरती दिखाई दे रही है। इस दर्दनाक दृश्य ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

परिवार के लिए यह त्रासदी और भी गहरी है, क्योंकि चार महीने पहले ही दिव्या के बड़े भाई की भी हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार में इतने कम समय में दो बच्चों की असामयिक मृत्यु से इलाके में शोक की लहर है। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।

यह घटना बच्चों में हृदय संबंधी जोखिमों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। चिकित्सकों का कहना है कि समय रहते जांच और जागरूकता बेहद आवश्यक है। पूरा क्षेत्र इस असामयिक मौत से सदमे में है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button