दो दिवसीय इजरायल दौरे पर पीएम मोदी: 71 हजार करोड़ के रक्षा सौदे और रणनीतिक साझेदारी पर होगी अहम चर्चा

दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार से दो दिवसीय इजरायल दौरे पर रवाना होंगे। नौ वर्षों में यह उनकी दूसरी यात्रा होगी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, विशेषकर अमेरिका और ईरान के बीच बिगड़ते संबंधों के बीच हो रही इस यात्रा को भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
दौरे के दौरान लगभग 71 हजार करोड़ रुपये के रक्षा सौदों सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में रक्षा और सुरक्षा सहयोग प्रमुख एजेंडा रहेगा। भारत स्वदेशी वायु रक्षा प्रणाली ‘सुदर्शन चक्र’ के विकास पर काम कर रहा है। इसी संदर्भ में इजरायल की बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली Iron Dome के कुछ तत्वों को शामिल करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा के दौरान इजरायल की संसद (नेसेट) को संबोधित करेंगे। वह इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पीएम मोदी के दौरे को लेकर उत्साह व्यक्त किया है और उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज का आयोजन भी करेंगे।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह यात्रा दोनों देशों के बीच गहरे और दीर्घकालिक रणनीतिक संबंधों की पुनर्पुष्टि करेगी। मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर जारी वार्ता भी अहम रहेगी, जिसकी बैठक 26 फरवरी को समाप्त होनी है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार जुलाई 2017 में इजरायल का दौरा किया था, जिसके बाद द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक उन्नत किया गया। जनवरी 2018 में नेतन्याहू ने भारत यात्रा कर संबंधों को नई गति दी थी।





