कहीं गिरेंगे ओले तो कहीं होगी बर्फबारी, 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी; IMD का ताजा अपडेट

दिल्ली। फरवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन में तेज धूप से गर्मी बढ़ रही है, जबकि रात में ठंडक बनी हुई है।
इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 12 राज्यों में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिनों तक कई हिस्सों में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत के कई राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।
वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। जिन राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र शामिल हैं।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी, रीवा, सीधी और सिंगरौली जिलों तथा छत्तीसगढ़ के कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में हल्की आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में 26 से 28 फरवरी के बीच बर्फबारी और हल्की बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा। दिन में धूप खिलेगी और सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में गर्मी बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय करने की सलाह दी है।





