‘रिश्तों में आई नई गर्माहट, व्यापार और तकनीक में बढ़ेंगे साथ’;भारत की मेजबानी से भावुक हुए ब्राजील के राष्ट्रपति

दिल्ली। नई दिल्ली में भारत यात्रा पर आए ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने भारतीय आतिथ्य और सांस्कृतिक सम्मान की खुलकर सराहना की।
इंडिया-ब्राजील इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजकीय भोज और दोपहर के भोजन के दौरान भारतीय संगीतकारों द्वारा ब्राजीलियाई गीतों की प्रस्तुति ने उन्हें भावुक कर दिया। विशेष रूप से प्रसिद्ध लोकगीत “आसा ब्रांका” की धुन सुनकर वे अचंभित रह गए। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक सेतु और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक बताया।
राष्ट्रपति लूला ने याद किया कि पिछले वर्ष जब पीएम नरेंद्र मोदी ब्राजील की यात्रा पर गए थे, तब उन्होंने साओ पाउलो से गायक बुलाकर प्रधानमंत्री के पसंदीदा गीत की प्रस्तुति पैलेसियो डा अल्वोराडा में कराई थी।उन्होंने कहा कि भारत की ओर से मिला यह सांस्कृतिक प्रत्युत्तर दोनों देशों की गहरी दोस्ती को दर्शाता है।
आर्थिक सहयोग पर जोर देते हुए लूला ने बताया कि द्विपक्षीय व्यापार 2.4 अरब डॉलर से बढ़कर 10.5 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। पहले 2030 तक 20 अरब डॉलर का लक्ष्य तय था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30 अरब डॉलर करने की महत्वाकांक्षा जताई गई है।
यात्रा के दौरान भारत के केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन और ब्राजील की स्वास्थ्य नियामक एजेंसी ANVISA के बीच दवाओं और चिकित्सा उपकरणों के नियमन में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान भी हुआ।
यह राष्ट्रपति लूला की पांचवीं भारत यात्रा है। 19-20 फरवरी को आयोजित इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में उनकी भागीदारी ने तकनीकी सहयोग को भी नई दिशा दी। इससे पहले जुलाई 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की ब्राजील यात्रा ने रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को मजबूत आधार प्रदान किया था।





