Brave Vimala: बिलासपुर में पुलिस डॉग ‘विमला’ का कमाल, 10 किलोमीटर दूर जंगल से खोज निकाला लापता ग्रामीण
पुलिस डॉग 'विमला' ने पेश की बहादुरी की मिसाल

खबर बिलासपुर के बेलगहना इलाके से है, (Brave Vimala) जहाँ पुलिस डॉग ‘विमला’ की सूझबूझ से एक लापता ग्रामीण की जान बच गई है. 48 साल के तरुण सिदार 19 फ़रवरी से लापता थे. वो खेत जाने के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. पुलिस जाँच में पता चला कि उन्हें आख़िरी बार अपने साथियों के साथ खेत में शराब पीते देखा गया था. जब पुलिस की टीम ने खेत की तलाशी ली, तो वहाँ तरुण की टोपी और चप्पल मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बिलासपुर से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया.
10 किमी पीछा कर जंगल से सुरक्षित निकाला गुमशुदा ग्रामीण, (Brave Vimala)
पुलिस की खोजी डॉग ‘विमला’ ने इन चीज़ों को सूंघा और सीधे घने जंगलों का रुख़ किया. विमला क़रीब 10 किलोमीटर तक दुर्गम रास्तों को पार करते हुए पहाड़बछाली के जंगल जा पहुँची. वहीं तरुण अचेत हालत में पड़े मिले. पूछताछ में सामने आया है कि ज़्यादा नशे और ग्लानि के चलते तरुण दो दिन से बिना खाए-पिए जंगल में ही भटक रहे थे. बेलगहना पुलिस और डॉग ‘विमला’ की मुस्तैदी ने समय रहते एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया है और अब ग्रामीण अपने परिवार के साथ सुरक्षित है.





