उत्तर भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली-UP समेत 7 राज्यों में बारिश अलर्ट

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से तापमान बढ़ने के कारण ठंड का असर काफी कम हो गया है और सुबह-शाम हल्की ठंड ही महसूस हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 16 से 18 फरवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के सात राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण यह बदलाव देखने को मिलेगा। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं मैदानी राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी के साथ तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। राजस्थान के श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू जैसे उत्तरी जिलों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, खासकर सिवनी, बालाघाट, कटनी और छिंदवाड़ा जिलों में मौसम बदल सकता है। हालांकि बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्रों में कोहरे और हल्की ठंड का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।





