धमतरी में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, कोबरा बटालियन के चार जवानों की मौत

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कोबरा बटालियन के चार जवानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब जगदलपुर से रायपुर जा रही जवानों की कार खपरी गांव के पास बायपास मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। कार में सवार जवान खून से लथपथ हालत में अंदर ही फंसे रह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद अर्जुनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जवानों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद सभी को वाहन से बाहर निकाला गया।
हादसे में हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, एएसआई उमेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजकुमार गौड़ और चालक हीरा लाल नागर की मौत हो गई। दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय अंतिम सांस ली। घायल जवान अभिमान राय को पहले धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।
घटनास्थल पर कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर मिला और आसपास खून फैला हुआ था। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे लापरवाही से खड़े ट्रक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। एक साथ चार जवानों की मौत से सुरक्षा बलों और पूरे इलाके में शोक की लहर है। अधिकारियों ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।





