नरेंद्र मोदी आज करेंगे नए ‘सेवा तीर्थ’ प्रधानमंत्री कार्यालय का अनावरण, ₹100 का स्मारक सिक्का भी जारी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार (13 फरवरी) नए ‘सेवा तीर्थ’ प्रधानमंत्री कार्यालय का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर वे ₹100 का स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। यह विशेष सिक्का सेवा तीर्थ भवन के उद्घाटन की स्मृति में जारी किया जा रहा है।
₹100 के स्मारक सिक्के की खासियत
अधिसूचना के अनुसार, सिक्के के अगले हिस्से पर बीच में अशोक स्तंभ का शेर चिन्ह अंकित होगा और उसके नीचे हिंदी में ‘सत्यमेव जयते’ लिखा रहेगा। बाईं ओर देवनागरी में ‘भारत’ और दाईं ओर अंग्रेज़ी में ‘INDIA’ अंकित होगा।
सिक्के के पिछले हिस्से पर सेवा तीर्थ भवन की तस्वीर उकेरी जाएगी। इसके ऊपर हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में ‘सेवा तीर्थ’ लिखा होगा। साथ ही कमल के फूल की आकृति और ‘नागरिकदेवो भव’ देवनागरी व अंग्रेज़ी में अंकित रहेगा।
सेवा तीर्थ भवन: एक छत के नीचे सरकार
सेवा तीर्थ परिसर दारा शिकोह रोड पर लगभग 2.26 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में स्थित है। इसका निर्माण सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के तहत लगभग ₹1,189 करोड़ की लागत से किया गया है।
इस नए परिसर में प्रधानमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय और कैबिनेट सचिवालय को एक ही स्थान पर लाया गया है। पहले ये कार्यालय अलग-अलग भवनों में संचालित होते थे।
साउथ ब्लॉक में आखिरी कैबिनेट बैठक
नया प्रधानमंत्री कार्यालय अब सेवा तीर्थ भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है। इससे पहले आज शाम 4 बजे साउथ ब्लॉक में आखिरी कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। यह ब्रिटिश कालीन सचिवालय भवन में होने वाली अंतिम बैठक होगी।
गौरतलब है कि साउथ ब्लॉक स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में पहली कैबिनेट बैठक 15 अगस्त 1947 को आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने की थी।
सेवा तीर्थ भवन को भारत के प्रशासनिक ढांचे में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जहां अब प्रमुख सरकारी कार्यालय एक ही परिसर में कार्य करेंगे।





