9 करोड़ के चेक बाउंस केस में राजपाल यादव को मिलेगी बेल या फिर जेल? सुनवाई आज

दिल्ली। नौ करोड़ रुपये के चेक बाउंस और लोन डिफॉल्ट मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता एवं मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव की जमानत पर आज सुनवाई होनी है। इस सुनवाई पर न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री की निगाहें टिकी हैं। मुश्किल की इस घड़ी में कई बड़े बॉलीवुड सितारे उनके समर्थन में आगे आए हैं। सलमान खान, अजय देवगन, डेविड धवन और उनके बेटे वरुण धवन समेत कई हस्तियों ने आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया है।

इसके अलावा फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे राजपाल यादव की रिहाई और देनदारियों को चुकाने में सहयोग करें। अभिनेता सोनू सूद, जैम म्यूजिक के प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह और अन्य कई लोग पहले ही मदद का हाथ बढ़ा चुके हैं। गायक मीका सिंह ने भी 11 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा करते हुए कहा कि जिसने सभी को हंसाया, आज उसकी मदद करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

राजपाल यादव के लंबे समय से मैनेजर रहे गोल्डी जैन के मुताबिक, जमानत पर आज सुनवाई है और यदि राहत मिलती है तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगे की जानकारी दी जाएगी। उधर, अभिनेता की पत्नी राधा ने कहा कि फिल्म जगत से मिल रहे सहयोग के लिए वे सभी की आभारी हैं।

गौरतलब है कि राजपाल यादव ने वर्ष 2010 में फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म के फ्लॉप होने के बाद वह रकम चुकाने में असमर्थ रहे और दिए गए सात चेक बाउंस हो गए। ब्याज समेत यह रकम नौ करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इसी मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया, जहां फिलहाल वे बंद हैं। आज की सुनवाई उनके भविष्य के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई