लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में हंगामे पर रिजिजू का राहुल गांधी पर निशाना, बोले– ‘मैं उन्हें कुछ नहीं सिखा सकता’

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में विपक्षी सांसदों के हंगामे को लेकर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

रिजिजू ने आरोप लगाया कि कम से कम 20 से 25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उन्हें गालियां दीं। उन्होंने कहा, “मैं भी उस समय वहां मौजूद था। स्पीकर बहुत नरम इंसान हैं, नहीं तो सख्त कार्रवाई होती।” उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी वहां मौजूद थे।

रिजिजू ने कहा कि स्पीकर इस घटना से बेहद आहत हैं। “स्पीकर ने एक रूलिंग दी, लेकिन उसका पालन नहीं हुआ। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं है। जबकि नियम के मुताबिक चेयर की अनुमति के बिना कोई सदस्य नहीं बोल सकता। यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चेयर की अनुमति से ही बोलते हैं।”

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए रिजिजू ने कहा, “मैं राहुल गांधी जी को कुछ नहीं सिखा सकता। मुझे समझ नहीं आता कि वह किस दुनिया में रहते हैं, कौन सी आइडियोलॉजी उनके कामों को चलाती है।”

उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से अपील की कि वे राहुल गांधी को समझाएं कि संसद इस तरह नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए।

इस बीच, 3 फरवरी को निलंबित किए गए कांग्रेस के 7 और सीपीएम के 1 सांसद का निलंबन वापस नहीं लिया जाएगा। साथ ही, स्पीकर के चैंबर में हंगामे का वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर साझा करने वाले सांसदों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के मुताबिक, स्पीकर का चैंबर सदन का ही हिस्सा माना जाता है और वहां वीडियो बनाना नियमों के खिलाफ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई