अधिक मजदूरी का लालच देकर गुजरात ले जाए गए बिलासपुर के 54 मजदूरों को प्रशासन की कार्रवाई से आज़ादी मिली

बिलासपुर।जिले के 54 श्रमिकों को गुजरात के खेड़ा जिले में एक ईंट भट्ठा संचालक द्वारा बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रोज़गार की तलाश में गए इन मजदूरों को अधिक मजदूरी का लालच देकर काम पर बुलाया गया था, लेकिन काम पूरा होने के बाद न तो उन्हें मेहनताना दिया गया और न ही वापस घर लौटने दिया गया।
बंधक बनाए गए श्रमिकों को बिना दरवाज़े वाले कच्चे मकानों में रखा गया था। उन पर 24 घंटे टॉर्च की रोशनी में पहरा दिया जाता था। महिलाओं और पुरुषों पर शौच के दौरान भी निगरानी रखी जाती थी। श्रमिकों को भोजन और राशन लाने के लिए बाहर जाने की अनुमति तक नहीं थी।
किसी तरह दो श्रमिक वहां से जान बचाकर भागने में सफल हुए और बिलासपुर पहुंचकर कलेक्टर के जनदर्शन में अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही बिलासपुर प्रशासन ने गुजरात प्रशासन से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 54 श्रमिकों को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से बंधक श्रमिकों ने राहत की सांस ली है, वहीं मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





