7 करोड़ के धान पर ‘चूहों’ वाला बयान पड़ा भारी, डीएमओ अभिषेक मिश्रा निलंबित

कवर्धा।सरकारी धान को चूहों द्वारा खा जाने का बयान देकर सुर्खियों में आए जिला विपणन अधिकारी (DMO) अभिषेक मिश्रा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संघ का कहना है कि डीएमओ के बयान से विभाग और शासन की छवि धूमिल हुई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिना तथ्यात्मक पुष्टि मीडिया के सामने गलत जानकारी प्रस्तुत करना विपणन सहकारी संघ कर्मचारी सेवा नियमावली की कंडिका-18 का उल्लंघन है। इसी आधार पर कंडिका-27 (1) के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।
क्या है पूरा मामला
वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदे गए धान का भंडारण कवर्धा जिले के दो संग्रहण केंद्र—बाजार चारभाठा और बघर्रा—में किया गया था। इन दोनों केंद्रों में कुल 7 लाख 99 हजार क्विंटल धान संग्रहित था।
धान के उठाव के बाद मिलान में दोनों केंद्रों से 26 हजार क्विंटल धान की कमी सामने आई। इसमें अकेले बाजार चारभाठा संग्रहण केंद्र से 22 हजार क्विंटल धान गायब पाया गया, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस मामले पर डीएमओ अभिषेक मिश्रा ने बयान दिया था कि संग्रहण केंद्र प्रभारी प्रितेश पांडेय को हटा दिया गया है और धान की कमी मौसम के प्रभाव, चूहे, दीमक व कीड़ों से हुए नुकसान के कारण हुई है। उन्होंने यह भी कहा था कि पूरे प्रदेश के 65 संग्रहण केंद्रों की तुलना में कवर्धा जिले की स्थिति बेहतर है।
‘चूहों’ वाला बयान बना निलंबन की वजह
रायपुर स्थित विपणन संघ के एमडी द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि डीएमओ ने तथ्यों की सम्यक पुष्टि किए बिना मीडिया के समक्ष गलत जानकारी दी, जिससे शासन और जिला प्रशासन की छवि को नुकसान पहुंचा।
निलंबन अवधि के दौरान अभिषेक मिश्रा का मुख्यालय जिला विपणन कार्यालय बिलासपुर रहेगा। साथ ही वे नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्राप्त करने के पात्र रहेंगे।





