केंद्रीय बजट 2026-27 पर नजर, मुख्यमंत्री साय के साथ भाजपा करेगी समीक्षा बैठक

केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण सुनेंगे। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और संगठन के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए जाने वाले बजट में देश की आर्थिक दिशा, विकास योजनाएं और कर नीतियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री और उनकी टीम बजट के प्रावधानों का अध्ययन कर राज्य पर पड़ने वाले प्रभाव का विश्लेषण करेंगे।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक का उद्देश्य बजट की प्रमुख घोषणाओं को समझना और यह आकलन करना है कि छत्तीसगढ़ के लिए कौन-सी योजनाएं और नीतियां अधिक लाभकारी साबित हो सकती हैं। इसके साथ ही राज्य स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रणनीति भी तैयार की जाएगी।

भाजपा पदाधिकारी बजट से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा कर इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, महिला सशक्तिकरण, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में मिलने वाले संभावित लाभों पर मंथन करेंगे। पार्टी का मानना है कि इन क्षेत्रों में किए गए निवेश से राज्य में रोजगार और विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

केंद्रीय बजट के माध्यम से राज्य सरकार को मिलने वाले संसाधनों और योजनाओं का सही उपयोग सुनिश्चित करने पर भी बैठक में जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री साय की अगुवाई में होने वाली यह समीक्षा बैठक राज्य की आर्थिक और सामाजिक नीतियों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button