राजधानी में सिगरेट-गुटखा के दाम बढ़े: 6 की सिगरेट 8 में, 18 वाली 24 तक; कालाबाजारी से बिगड़ी सप्लाई

लखनऊ। बाजार में कालाबाजारी और आपूर्ति में कमी के चलते लखनऊ में सिगरेट और गुटखा के फुटकर दाम बढ़ गए हैं। हालत यह है कि जो सिगरेट पहले 6 रुपये में मिलती थी, वह अब 8 रुपये में बिक रही है। वहीं बड़े साइज की सिगरेट, जिसकी कीमत 18 रुपये थी, उसे कई पान दुकानों पर 24 रुपये तक बेचा जा रहा है।

गुटखा के दामों में भी 1 से 2 रुपये प्रति पीस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। व्यापारियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी किसी कंपनी द्वारा घोषित नहीं की गई है, बल्कि बाजार में माल की आवक कम होने और सप्लाई बाधित होने के कारण दाम बढ़े हैं।

लखनऊ व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष नवीन के अनुसार, सिगरेट करीब 20 दिनों से फुटकर दुकानों पर महंगी बिक रही है, जबकि थोक स्तर पर दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि थोक में सिगरेट अभी भी पुराने रेट पर उपलब्ध है, लेकिन नीचे की सप्लाई चेन में माल रोककर ज्यादा मुनाफा कमाने की कोशिश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, सिगरेट कंपनियां 1 फरवरी से थोक दुकानदारों को आपूर्ति बंद कर सकती हैं। वहीं 6 फरवरी के बाद आपूर्ति दोबारा शुरू होने की संभावना है। माना जा रहा है कि फरवरी के दूसरे सप्ताह से नए रेट लागू हो सकते हैं और महीने के अंत तक दाम नियंत्रित होने की उम्मीद है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button