चिल्हाटी गांव में करंट से 8 मवेशियों की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के चिल्हाटी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में चर रहे 8 मवेशियों की हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, खेत में 11 केवी का बिजली तार अचानक टूटकर गिर गया। तार में करंट चल रहा था, जिससे खेत में मौजूद मवेशी उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि तार की हालत पहले से खराब थी, लेकिन विभाग ने ध्यान नहीं दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को हटवाया। फिलहाल आगे की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





