मोहला में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, सांसद ने फहराया तिरंगा

मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर सांसद ने मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश पढ़ा और शांति के प्रतीक सफेद कपोत तथा तिरंगे गुब्बारों को आकाश में छोड़ा। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए देश की प्रगति में उनके योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने ‘अंजोर विजन डॉक्यूमेंट’ का उल्लेख करते हुए वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य की जानकारी दी।
उन्होंने किसानों के हित में ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी को सरकार की प्राथमिकता बताया। साथ ही महिला सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना और लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर माओवाद के खिलाफ प्रभावी रणनीति और पुनर्वास योजनाओं की भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में स्वामी आत्मानंद स्कूल, मोहला ने प्रथम, पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास ने द्वितीय और लाल श्याम शाह इंग्लिश मीडियम स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आईटीबीपी, जिला पुलिस बल, एनसीसी और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा शासन की योजनाओं पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं।
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा वीर शहीदों के परिजनों को भी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





