पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक, झुके रहेंगे राष्ट्रीय ध्वज, कांग्रेस ने सभी कार्यक्रम किया रद्द

नई दिल्ली। पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। एम्स ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है। तबीयत बिगड़ने के बाद डॉ. सिंह को गुरुवार शाम एम्स के इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती किया गया था। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बाद कांग्रेस ने अपनी सारी रैलियां और मीटिंग्स को रद्द कर दिया है।
मनमोहन सिंह के निधन से देशभर में शोक की लहर है। केंद्र सरकार की ओर से दुख की इस घड़ी में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। साथ ही शुक्रवार के सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। वहीं शुक्रवार को 11 बजे पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए कैबिनेट की बैठक होगी। हालांकि इस मौके पर किसी तरह का अवकाश अभी घोषित नहीं किया गया है।
बता दें कि आर्थिक सुधारों के प्रणेता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात यहां निधन हो गया। वह 92 साल के थे। एम्स दिल्ली ने मनमोहन सिंह के निधन की घोषणा की. उन्हें गंभीर हालत में रात करीब साढ़े आठ बजे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
राष्ट्रीय ध्वज होते हैं झुके
वहीं राजकीय शोक के दौरान फ्लैग कोड ऑफ इंडिया नियम के मुताबिक विधानसभा, सचिवालय समेत महत्वपूर्ण कार्यालयों में लगे राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहते हैं। इसके इसके अलावा प्रदेश में कोई औपचारिक एवं सरकारी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाता है। इस अवधि के दौरान समारोहों और आधिकारिक मनोरंजन पर भी प्रतिबंध रहता है। राष्ट्रीय शोक, राजकीय शोक का महत्वपूर्ण पहलू राजकीय सम्मान से अंत्येष्टि भी है। राजकीय शोक घोषित होने के बाद सचिवालय, मंत्रालय समेत किसी भी राजकीय भवन में आयोजित सभी मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया जाता है। इस दौरान सिर्फ विशेष कामकाजी काम होते हैं, बाहर के कोई कार्यक्रम नहीं होते हैं।





