19वें रोजगार मेले में पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही अब तक आयोजित 18 रोजगार मेलों के जरिए करीब 12 लाख नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने डिजिटल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देश के हजारों युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला युवाओं को नए अवसर देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने हाल ही में हुई अपनी पांच देशों की यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों की बड़ी कंपनियां और सरकारें भारत के युवाओं और तकनीकी प्रगति को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने कई देशों के साथ नई साझेदारियां की हैं, जिनका सीधा फायदा भारतीय युवाओं को मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नीदरलैंड के साथ सेमीकंडक्टर, कृषि और जल प्रबंधन पर चर्चा हुई, जबकि स्वीडन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल इनोवेशन को लेकर सहयोग बढ़ाने पर बात हुई। इसके अलावा नॉर्वे के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी, संयुक्त अरब अमीरात के साथ ऊर्जा और तकनीकी साझेदारी तथा इटली के साथ रक्षा और विज्ञान-तकनीक के क्षेत्रों में समझौते हुए हैं।

उन्होंने कहा कि रेलवे, बैंकिंग, स्वास्थ्य, शिक्षा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में नियुक्त होने वाले युवा विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर रोजगार मेले आयोजित किए गए। चयनित युवाओं की नियुक्ति रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और अन्य सरकारी विभागों में की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button