बिलासपुर में 5 हजार मुर्गियों की मौत, बर्ड फ्लू की आशंका से अलर्ट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित कोनी के शासकीय पोल्ट्री फार्म में 5 हजार से अधिक मुर्गे-मुर्गियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआती लक्षणों के आधार पर बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही है। इसकी पुष्टि के लिए नमूने जांच हेतु भोपाल लैब भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

एहतियात के तौर पर पोल्ट्री फार्म को फिलहाल बंद कर दिया गया है और आसपास के 5 किलोमीटर क्षेत्र को संवेदनशील घोषित किया गया है। मृत पक्षियों को जमीन में दफन कर नष्ट किया गया है। अंडों की स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

यह पोल्ट्री फार्म सरकार द्वारा संचालित है, जहां अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के किसानों को मुर्गी पालन के लिए चूजे उपलब्ध कराए जाते हैं। यहां करीब 6 हजार से अधिक मुर्गे-मुर्गियों का पालन किया जाता था।

जानकारी के अनुसार 18 मार्च से मुर्गियों की मौत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़कर पांच दिनों में 5 हजार तक पहुंच गई। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझा गया, लेकिन संख्या बढ़ने पर अधिकारियों को सूचित किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तरीय विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यदि जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि होती है, तो प्रभावित क्षेत्र में मौजूद अन्य पक्षियों को भी नष्ट किया जा सकता है और सुरक्षा के कड़े कदम उठाए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी प्रदेश में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं, जिसके चलते प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई