3 दोस्तों ने साथी की बेरहमी से हत्या कर शव को जलाया

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां तीन दोस्तों ने अपने ही साथी को चाकू और लोहे की छड़ से मार डाला और फिर सबूत मिटाने के लिए श्मशान घाट के पास लाश पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने कमीशन के पैसों को लेकर हुए विवाद को हत्या की वजह बताया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, मृतक सीमित खाखा (28) जशपुर के सीटोंगा गांव का निवासी था। वह कुछ दिन पहले अपने तीन दोस्तों के साथ झारखंड के हजारीबाग में काम करने गया था। काम खत्म होने के बाद वे सभी वापस लौटे, लेकिन 17 अक्टूबर की शाम चारों दोस्तों के बीच शराब पीते समय पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।

इस दौरान आरोपियों रामजीत राम (25), वीरेंद्र राम (24) और एक नाबालिग ने सीमित खाखा पर हमला कर दिया। रामजीत ने उसके सीने में चाकू घोंपा जबकि वीरेंद्र ने लोहे की छड़ से वार किए। हत्या के बाद तीनों ने शव को करीब 400 मीटर दूर श्मशान घाट के पास ले जाकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और फरार हो गए।

18 अक्टूबर को तुरीटोंगरी क्षेत्र में अधजले शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान कठिन थी, लेकिन बाद में पता चला कि सीमित खाखा लापता है। शक के आधार पर पुलिस ने रामजीत और वीरेंद्र को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया और नाबालिग की संलिप्तता का भी खुलासा किया।

पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर सीन री-क्रिएशन करवाया। जशपुर ASP अनिल सोनी ने बताया कि तीनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब घटना में उपयोग किए गए हथियार और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

यह वारदात जिले में सनसनी फैलाने वाली साबित हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं और समय रहते सूचना पुलिस को दें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button