रायगढ़ में सीएम विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 19वीं किश्त जारी, 70 लाख महिलाओं को मिला लाभ

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ जिले के खरसिया में बड़ी सौगात दी। उन्होंने मंच से महतारी वंदन योजना की 19वीं किश्त जारी की और 70 लाख महिलाओं के खातों में कुल 647 करोड़ 13 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
इस अवसर पर सीएम ने खरसिया के अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण किया और नगर पालिका परिसर में रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नई उद्योग नीति लागू की गई है और विदेशों में जाकर उद्यमियों को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने सरकार के कामकाज पर भरोसा जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास सरकार के प्रति बढ़ा है और यही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।





