मोदी सरकार के 11 साल पूरे, डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिनाईं उपलब्धियां

बिलासपुर। केंद्र में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के मौके पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को बिलासपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की कई बड़ी उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और पिछले 11 सालों को देश के लिए “परिवर्तनकारी” बताया।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि बीते एक दशक में भारत ने हर क्षेत्र में बड़ी तरक्की की है। रक्षा, अधोसंरचना, गरीब कल्याण जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भर हो चुका है और दुश्मन देशों में घुसकर प्रहार करने की ताकत रखता है।
उन्होंने कहा कि “भारत अब सिर्फ एक आयातक देश नहीं रहा, बल्कि निर्यातक बनने की दिशा में बड़ी छलांग लगाई है। आज हम वैश्विक फैसलों में भी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।”
अरुण साव ने कहा कि मोदी सरकार की वजह से देश की स्थिति और सोच दोनों बदली है। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का सपना अब हकीकत में बदल रहा है। उन्होंने दावा किया कि एक विकसित भारत की मजबूत नींव रखी जा चुकी है।
डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि आने वाले समय में भारत हर क्षेत्र में और मजबूती से आगे बढ़ेगा और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएगा।





