मरीज को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस अनियंत्रित हो कर पुलिया में गिरी, पति पत्नी की मौत, बेटा घायल..

मध्यप्रदेश। रायसेन में एक बड़ा हादसा हो गया। मंगलवार 4 फरवरी को तेज रफ्तार 108 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गई। हादसे में मरीज और उसकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। मरीज का बेटा और EMT घायल हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रीतम सिंह (60) पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। मंगलवार रात को तकलीफ बढ़ने पर परिजन ने प्रीतम को बेगमगंज के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां के डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रीतम को जिला अस्पताल रेफर किया। प्रीतम, उनकी पत्नी गेंदा (55) और बेटे को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया जा रहा था।
बाउंड्रीवॉल तोड़ते हुए पुलिया में गिरी
सड़क पर तेज रफ्तार दौड़ रही एंबुलेंस मुड़िया खेड़ा के पास मंगलवार रात 1.30 बजे अनियंत्रित बाउंड्रीवॉल को तोड़ते हुए 12 फीट नीचे पुलिया में गिर गई। हादसे में मरीज प्रीतम सिंह (60), उनकी पत्नी गेंदा (55) की मौके पर ही मौत हो गई। पायलट राजकुमार और ईएमटी तेज सिंह गंभीर घायल हैं। प्रीतम का बेटा राकेश भी घायल है। राकेश के हाथ और पैर में चोट लगी है।





