रील बनाने के दौरान हादसे की आशंका, विवाहिता की मौत: मोबाइल में डेढ़ घंटे की रिकॉर्डिंग मिली, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़ में 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस को महिला के मोबाइल फोन से करीब डेढ़ घंटे की रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें वह फंदा तैयार करती और बाद में उस पर झूलती दिखाई दे रही है। मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
मोबाइल में मिला घटना का वीडियो
जानकारी के अनुसार, कोष्टापारा निवासी विशाखा देवांगन की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। दोपहर में उसकी सास घर लौटी तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर विवाहिता साड़ी के फंदे से पंखे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को मृतका का मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड में मिला। जांच के दौरान मोबाइल से करीब डेढ़ घंटे का वीडियो बरामद हुआ है। वीडियो में महिला फंदा तैयार करती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह फंदे पर झूल जाती है। पुलिस ने मोबाइल और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
रील बनाने की आशंका पर भी जांच
प्रारंभिक जांच में यह आशंका सामने आई है कि महिला सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने का प्रयास कर रही थी और इसी दौरान हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां वीडियो की तकनीकी जांच कर रही हैं और घटनाक्रम की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही हैं।
परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
मौत के कारणों का खुलासा नहीं
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो पाएगा।





