बिहार चुनाव 2025: एनडीए का संकल्प पत्र जारी, एक करोड़ नौकरियां और मुफ्त बिजली का वादा

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस बार घोषणा पत्र को “संकल्प पत्र” नाम दिया गया है। पटना में आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा समेत गठबंधन के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे।
एनडीए ने अपने संकल्प पत्र में युवाओं को रोजगार देने पर जोर दिया है। गठबंधन ने वादा किया है कि अगले कार्यकाल में बिहार के हर युवा को नौकरी या रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली देने और महिला उद्यमियों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की गई है।
संकल्प पत्र तैयार करने के लिए कुछ दिन पहले पटना में एनडीए मैनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें सभी घटक दलों के नेताओं ने अपने-अपने सुझाव दिए। बैठक में यह तय किया गया कि इस बार घोषणाओं में शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बिहार की कुल 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, जबकि 14 नवंबर को मतगणना होगी। सीटों के बंटवारे में बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 29 सीटें मिली हैं। जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक दल 6-6 सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे।
एनडीए का यह संकल्प पत्र राज्य में एक बार फिर सत्ता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा दांव माना जा रहा है। गठबंधन को उम्मीद है कि मुफ्त बिजली, रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे वादे बिहार के मतदाताओं को आकर्षित करेंगे और एनडीए को फिर से बहुमत दिलाएंगे।





