गाय कोठे के पैरा में छिपा मिला 7 फीट लंबा अजगर, सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया

रायगढ़ जिले के ननसिया गांव में एक ग्रामीण के गाय कोठे में पैरा के बीच छिपकर बैठे करीब 7 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू किया गया। गांव में सांप निकलने की घटनाएं आम हैं, लेकिन इस बार अजगर के मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार 24 दिसंबर को ननसिया गांव निवासी जागेश्वर प्रसाद ने गाय कोठे में पैरा के बीच अजगर को देखा। बताया जा रहा है कि अजगर चूहे या अन्य छोटे जानवरों का शिकार करने के लिए वहां पहुंचा था और पैरा में छिपकर निवाला तलाश रहा था। इसकी सूचना मिलते ही एनिमल सेवा समिति की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
रेस्क्यू के दौरान आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में जमा हो गए। टीम के सदस्यों ने काफी सावधानी और सूझबूझ से फुर्तीले अजगर को काबू में लिया। अजगर को बोरे में सुरक्षित रखा गया और बाद में मेडिकल कॉलेज के आगे स्थित जंगल क्षेत्र में पानी के पास छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त गाय कोठे में पहले भी अजगर निकल चुके हैं। इससे पहले यहां से तीन अजगर और उनके 21 अंडों का रेस्क्यू किया जा चुका है। रेस्क्यू टीम की तत्परता से एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया और अजगर को सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास में पहुंचा दिया गया।





