सचिव हटाओ मांग: मदनपुर में सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार।
विकास के नाम पर सवालों का अंबार, सचिव को हटाने की उठी मांग।

बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत (सचिव हटाओ मांग) ग्राम पंचायत मदनपुर के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव संतोष कुमार तिवारी को हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव द्वारा पंचायत निधि के उपयोग में अनियमितता बरती जा रही है जिससे गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत की आय-व्यय की जानकारी मांगने पर सचिव द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती और टालमटोल किया जाता है। इसके अलावा जनवरी 2024 से जून 2026 तक जल, मोटर, वायरिंग, रेत, सीमेंट सहित अन्य कार्यों के भुगतान नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया गया है जिससे पंचायत प्रतिनिधियों और हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है
सचिव को हटाने की उठी मांग। (सचिव हटाओ मांग)
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में कई निर्माण कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं।आरसीसी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हुआ, जबकि मोतीलाल तालाब के पास बनाई गई सड़क भी गुणवत्ता और निर्माण को लेकर सवालों के घेरे में है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पंचायत कार्यालय नियमित रूप से नहीं खुलता जिससे आम लोगों के काम प्रभावित होते हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शासकीय हाई स्कूल के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए स्वीकृत करीब 9 लाख रुपये की राशि का आहरण कर लिया गया लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर सचिव को ग्राम पंचायत मदनपुर से हटाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।





