नशे पर प्रहार: अरपा किनारे नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
20 किलो गांजा मामले का फरार सप्लायर उड़ीसा से दबोचा, नशे के नेटवर्क पर शिकंजा

बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। (नशे पर प्रहार) सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 20 किलो गांजा बरामदगी के चर्चित मामले में फरार चल रहे सप्लायर को उड़ीसा से पकड़ने में भी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं और पूरे नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों की भी जांच शुरू कर दी है.
नशे के नेटवर्क पर शिकंजा (नशे पर प्रहार)
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अरपा बैराज और पचरी घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान विनोद साहू और विशाल कुमार बुनकर को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें एक आरोपी के पास से 50 नग Nitrazepam (Nitrosun) टैबलेट और दूसरे के कब्जे से 23 नग Onerex Cough Syrup बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि नशीली दवाइयों की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है….
इसी कार्रवाई के क्रम में सिटी कोतवाली थाना में पहले दर्ज 20 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे सप्लायर अजीत थनापति उर्फ भोला को उड़ीसा से गिरफ्तार किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की भी जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की जा सके





