आगजनी: व्यापार विहार के व्यावसायिक परिसर में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू
शॉर्ट सर्किट की आशंका, दमकल और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टला

शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र व्यापार विहार में (आगजनी) सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे डॉ. शिव दुलारे मिश्रा परिसर स्थित प्रथम तल पर संचालित एलआईसी कार्यालय में भीषण आग लग गई। कार्यालय से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
दमकल और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टला (आगजनी)
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा लेने से वह आसपास की दुकानों और कार्यालयों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बचाव कार्य के दौरान पुलिस ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर लोगों की आवाजाही रोक दी।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह कंप्यूटर के पास लगे विद्युत बोर्ड में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग से कार्यालय का फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दमकल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली।





