रास्ते के विवाद में युवक को बोलेरो से कुचला, छह दिन बाद अस्पताल में मौत

कोरबा में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। बोलेरो सवार युवकों ने कथित तौर पर एक युवक को वाहन से कुचल दिया, जिसके बाद गंभीर रूप से घायल युवक ने छह दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

रास्ता देने को लेकर हुआ था विवाद

मृतक की पहचान 24 वर्षीय चंद्रमणि रात्रे के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंतोरा का निवासी था। उसके पिता रामनारायण रात्रे यातायात पुलिस में एएसआई हैं। बताया जा रहा है कि 7 जून की रात चंद्रमणि अपने दोस्तों के साथ कार में सवार था, तभी बुधवारी बाइपास मार्ग पर बोलेरो सवार युवकों से रास्ता देने को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर चंद्रमणि जैसे ही कार से नीचे उतरा, बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार में वाहन उसकी ओर मोड़ दिया और उसे कुचल दिया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

साथी के साथ मारपीट और लूटपाट का आरोप

घटना के बाद आरोपियों ने मौके से भागने की कोशिश की। चंद्रमणि के दोस्त अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर ने बोलेरो का पीछा किया, लेकिन हमलावरों ने अरविंद को पकड़कर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने अरविंद से करीब एक लाख रुपए नकद, एक आईफोन, सोने की अंगूठी और सोने की चेन भी लूट ली। मारपीट के बाद उसे सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए।

दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या और लूट के एंगल से जांच

घटना में घायल चंद्रमणि को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया, जहां छह दिन बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग शामिल है। मुख्य आरोपी कपिल कुमार सारथी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या, अपहरण और लूट के विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button