छत्तीसगढ़ में 8 जिलों में यलो अलर्ट, सरगुजा संभाग में तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने गौरेला पेंड्रा मरवाही, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, कोरबा, जशपुर और रायगढ़ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं चलने की संभावना है। इससे पहले बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। सरगुजा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई, जिसमें सबसे ज्यादा 80MM बारिश रामानुजगंज में हुई।
आज से उत्तरी हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में बारिश और संबंधित गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। यलो अलर्ट का मतलब है कि मौसम खराब हो सकता है, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी रहती है। बलरामपुर जिले में लगातार बारिश से कन्हर नदी और आसपास के नाले उफान पर हैं, जिससे निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। जिले के तालाब और बांध पूरी तरह भरे हुए हैं। जल संसाधन विभाग की टीमें बांधों और जलाशयों की निगरानी कर रही हैं। इस जिले में अब तक 1455.5MM बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 56% अधिक है।
वहीं, बेमेतरा जिले में अब तक 490.6MM बारिश हुई है, जो सामान्य से 50% कम है। बस्तर, राजनांदगांव और रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास रही। रायपुर में हाल की बारिश के बाद कई जगहों पर सड़कों में पानी जमा हो गया, नवा रायपुर की सड़कों पर लोग मछली पकड़ते भी नजर आए।
धमतरी जिले में सिंगपुर पठार के पास रपटे पार करते समय एक युवक बाइक सहित बाढ़ के पानी में बह गया, लेकिन वह तैरना जानता था, इसलिए उसकी जान बच गई। कवर्धा के घुमाछापर गांव के पास टमरू नाले में रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बाढ़ की चपेट में आ गई। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अभी सक्रिय है और आने वाले दिनों में बारिश जारी रहने की संभावना है।





