Worker Dies at Sack Factory: 25 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, दर्दनाक मौत
सीपत की बोरी फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल,

सीपत क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। (Worker Dies at Sack Factory) पंधी स्थित बोरी फैक्ट्री में काम के दौरान एक मजदूर 25 फीट ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जांजी निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मी प्रसाद धीवर सोमवार सुबह रोज की तरह काम पर पहुंचे थे। दोपहर करीब 3 बजे वे प्लांट में ऊंचाई पर चढ़कर जाल और करकट की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे करीब 25 फीट नीचे गिर गए।
सीपत की बोरी फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल (Worker Dies at Sack Factory)
बताया जा रहा है कि उस समय उन्होंने कोई भी सेफ्टी उपकरण नहीं पहना था, जिससे हादसा और गंभीर हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रबंधन द्वारा घायल मजदूर को तुरंत श्री राम केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 9 बजे उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार मृतक को सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री में पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
वहीं स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मजदूरों से 12 घंटे तक काम लिया जाता है और उचित वेतन भी नहीं दिया जाता, जिससे श्रम कानूनों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं। मंगलवार को परिजन शव रखकर प्रदर्शन की तैयारी में थे, लेकिन प्रबंधन द्वारा 7 लाख रुपये मुआवजा, 1 लाख रुपये अंतिम संस्कार सहायता और एक सदस्य को नौकरी देने के आश्वासन के बाद मामला शांत हो गया। अब इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।





