छत्तीसगढ़ में नई शराब दुकानों के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन, शराबबंदी की मांग तेज

रायपुर
छत्तीसगढ़ में एक अप्रैल से राज्य में 67 नई शराब दुकानों के खुलने के खिलाफ छत्तीसगढ़ी समाज की महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब की बोतलें फोड़कर अपनी नाराजगी जताई और सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कहा कि, हमें शराब नहीं, दूध चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को एक आवेदन भी सौंपा, जिसमें राज्य में नई शराब दुकानों को निरस्त करने की मांग की गई है। महिलाओं का कहना है प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू की जाए। आने वाले दिनों में हम गांव-गांव जाकर महिलाओं को शराबबंदी के लिए जागरूक करेंगे। अगर शराबबंदी लागू नहीं होती है, तो हम उग्र आंदोलन करेंगे।
महिलाओं का ये भी कहना है की, शराब के कारण प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाएं घरेलू हिंसा, बलात्कार, लूटपाट और आर्थिक तंगी जैसी घनघोर समस्याओं का शिकार हो रही हैं।
यह मुद्दा अब राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है। क्यूंकि महिलाएं अपनी आवाज उठाते हुए आगे भी संघर्ष की तैयारी कर रही हैं।





