मैनपाट में ओलावृष्टि से सफेद चादर, सरगुजा संभाग में तीन दिन तक बारिश और ओलों का अलर्ट

सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में मंगलवार रात तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे सड़कों और खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। करीब 20 मिनट तक चली इस ओलावृष्टि के कारण पूरे इलाके का दृश्य बदल गया। मैनपाट के साथ सीतापुर और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश और छिटपुट ओले गिरे।
पिछले दो दिनों से सरगुजा संभाग में मौसम लगातार बदला हुआ है। घने बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई है। सूरजपुर, उदयपुर और बलरामपुर क्षेत्रों में भी बारिश का असर देखा गया, जबकि कुछ स्थानों पर पहले भी हल्की ओलावृष्टि हुई थी।
मंगलवार देर शाम मैनपाट में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बिगड़ा और रात होते-होते तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। ओलों के कारण खेत और सड़कें पूरी तरह ढक गईं। देर रात होने की वजह से लोग घरों में ही रहे।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक सरगुजा संभाग में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं।
मौसम में इस बदलाव का असर फसलों पर भी पड़ा है। जिन इलाकों में ओलावृष्टि हुई है, वहां आम, लीची और महुआ की फसलों को नुकसान पहुंचा है। आम के पेड़ों पर लगे बौर और अंबिया प्रभावित हुए हैं, वहीं महुआ की गिरावट भी प्रभावित हो रही है। टमाटर की खेती को भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
लगातार बादल छाए रहने से तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में लगभग 3 डिग्री तक गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है।





