एनएच पर टैंकर-ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत, चालक केबिन में फंसा; 3 घंटे जाम में फंसा मंत्री का काफिला

कोरबा जिले में नेशनल हाईवे 130 पर डीजल टैंकर और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक चालक केबिन में फंस गया। इस दुर्घटना के कारण अंबिकापुर-कटघोरा मार्ग करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा।
घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली स्थित लालघाट के पास हुई। जानकारी के मुताबिक एक डीजल टैंकर अंबिकापुर की ओर से आ रहा था, जबकि ट्रेलर कटघोरा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालकों को चोटें आईं।
टक्कर के बाद टैंकर चालक केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहन, कार और अन्य गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। इसी दौरान राज्य के पर्यटन मंत्री का काफिला भी जाम में फंस गया, जिसे बाद में वैकल्पिक रास्ते से निकाला गया।
टैंकर में डीजल भरा होने के कारण आग लगने का खतरा बना हुआ था। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया और बड़ी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया।
करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




