गृहमंत्री अमित शाह को देश की सबसे लंबी सेवा देने वाले गृहमंत्री बनने पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी बधाई

नई दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गृहमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि अमित शाह का कार्यकाल देशहित में लिए गए साहसिक और निर्णायक फैसलों से भरा रहा है। चाहे वह अनुच्छेद 370 की समाप्ति हो, आतंकवाद और नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार हो या फिर आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने वाले कानूनों में बदलाव—हर कदम में उनका मजबूत नेतृत्व नजर आता है।
विजय शर्मा ने कहा कि बीएसएफ, सीआरपीएफ और आईटीबीपी जैसे सुरक्षा बलों को सशक्त बनाना हो या CAA और NIA जैसे कानूनों में सुधार, अमित शाह का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने देशवासियों में सुरक्षा को लेकर नया भरोसा पैदा किया है।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य विधि—न्याय व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी और समयबद्ध बनाएंगे। यह बदलाव भविष्य के भारत को सुरक्षित और सशक्त बनाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह जैसे नेतृत्वकर्ता पर देश को गर्व है। उनका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सभी को प्रेरणा देती है। उन्होंने उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
विजय शर्मा ने कहा कि देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और स्थायित्व को जो मजबूती अमित शाह के कार्यकाल में मिली है, वह ऐतिहासिक है और हर वर्ग इसकी सराहना कर रहा है।





