VB-GRAM G विधेयक ऐतिहासिक, ग्रामीण भारत को मिलेगा रोजगार और सम्मान: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोकसभा से पारित “विकसित भारत – रोजगार और आजीविका की गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-GRAM G)” विधेयक को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए देशवासियों को बधाई दी।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह विधेयक ग्रामीण भारत के लिए एक नई शुरुआत है। इसके तहत अब ग्रामीण श्रमिकों को उनके काम का सीधा भुगतान बैंक खाते में मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कांग्रेस की पुरानी नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले कांग्रेस सरकारों ने गरीबों को काम के बदले नकद राशि देने के बजाय अनाज दिया। इससे गरीब अपनी जरूरी जरूरतें जैसे दवा, कपड़े और बच्चों की पढ़ाई का खर्च नहीं उठा पाते थे। उन्होंने कहा कि इस नीति की आलोचना अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन और योजना आयोग ने भी की थी।

सांसद अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2004 में कांग्रेस सरकार ने फिर से काम के बदले अनाज की योजना शुरू की, जिसमें भारी मात्रा में अनाज खराब हुआ और गरीबों को उसका सही लाभ नहीं मिला। उस दौर में कई इलाकों में लोग मजबूरी में जंगलों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों पर निर्भर थे।

VB-GRAM G विधेयक को उन्होंने “गेम-चेंजर” बताते हुए कहा कि इससे अब मजदूरी का पैसा सीधे खाते में पहुंचेगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस विधेयक का विरोध इसलिए कर रहा है, क्योंकि वह ग्रामीण समृद्धि नहीं चाहता।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह कानून आने वाले समय में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा और करोड़ों परिवारों को आत्मनिर्भर बनाएगा। उनके अनुसार, यह विधेयक प्रधानमंत्री मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button