वैष्णो देवी यात्रा 7 दिन से बंद, होटल वाले उठा रहे श्रद्धालुओं का खर्च

कटरा।  26 अगस्त को अर्धकुंवारी के पास भूस्खलन के बाद से वैष्णो देवी यात्रा मार्ग बंद है। पिछले सात दिनों से करीब 700 श्रद्धालु कटरा में फंसे हुए हैं। इनका पूरा खर्च होटल और रेस्टोरेंट संचालक उठा रहे हैं।

होटल मालिकों ने श्रद्धालुओं से न तो किराया लिया और न ही खाने का पैसा। नाश्ता, लंच और डिनर सब मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है। अमरोहा (उप्र) के श्रद्धालु अमिश चौधरी ने बताया कि वे दोस्तों संग माता के दर्शन के लिए आए थे, लेकिन यात्रा बंद होने के कारण होटल में रुकना पड़ा। होटल मालिक लगातार कह रहे हैं कि जब तक माता के दर्शन नहीं होंगे, वे श्रद्धालुओं को बिना किराया लिए ही रोकेंगे।

कटरा होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश वजीर ने बताया कि यहां 300 होटल और गेस्ट हाउस हैं, जिनमें 6 हजार कमरे हैं। इनमें से 200 कमरे श्रद्धालुओं को दिए गए हैं। करीब 200 श्रद्धालु धर्मशालाओं में भी रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान झेलने के बावजूद हम श्रद्धालुओं के साथ खड़े हैं। श्राइन बोर्ड ने यात्रा मार्ग के संवेदनशील इलाकों में होटलों और दुकानों को खाली करने का आदेश दिया है। एशिया चौक से लेकर दर्शनी ड्योड़ी तक करीब 80 दुकानें और छोटे होटल प्रभावित क्षेत्र में आते हैं।

पहले जहां रोजाना 30 हजार श्रद्धालु रहते थे, वहां अब सन्नाटा है। श्राइन बोर्ड ने बताया कि 18 किमी लंबे मार्ग पर मरम्मत का काम जारी है। इसके बाद ही यात्रा दोबारा शुरू होगी। इस बीच, जिनकी बुकिंग थी, उन्हें रिफंड दिया जा रहा है। गौरतलब है कि भूस्खलन में अब तक 34 लोगों की जान जा चुकी है। इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जम्मू पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने के निर्देश भी दिए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई