Ultimatum: इजरायल ने हमास को दिया अल्टीमेटम, नेतन्याहू बोले- तीन दिन बाद हमले के लिए रहे तैयार

तेल अवीव। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने चेतावनी दी है कि अगर हमास ने शनिवार तक बंधकों को रिहा नहीं किया, तो इजरायल पूरी तरह से संघर्ष विराम समझौते से बाहर हो जाएगा। उनका यह बयान हमास की उस घोषणा के बाद आया है, जिसमें उसने कहा कि वह इजरायली बंधकों को संघर्ष विराम समझौते के उल्लंघन के कारण रिहा नहीं करेगा।
नेतन्याहू की चेतावनी
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना को गाजा पट्टी में तैनात किया गया है। अगर युद्धविराम तोड़ा जाता है, तो हमास को हराने के लिए इजरायल अपनी सैन्य कार्रवाई को फिर से तेज करेगा। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा कि
अगर हमास ने बंधकों को रिहा नहीं किया तो इजरायल गाजा में युद्धविराम समाप्त कर देगा और सैनिकों को फिर से तैनात किया जाएगा।
शनिवार तक बंधकों की रिहाई जरूरी
नेतन्याहू ने यह भी कहा कि अगर हमास ने शनिवार तक बंधकों को वापस नहीं किया, तो युद्धविराम खत्म हो जाएगा और इजरायली सेना हमास के खिलाफ आक्रमक सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू कर देगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया
सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा था कि अगर सप्ताह के अंत तक बंधकों को रिहा नहीं किया गया, तो इजरायल को गाजा में युद्धविराम समाप्त कर देना चाहिए और सैन्य कार्रवाई फिर से शुरू करनी चाहिए।





