बलरामपुर तहसील परिसर में भिड़े दो पक्ष: सुनवाई के दौरान मारपीट, 18 लोगों पर केस दर्ज

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर तहसील कार्यालय में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि तहसील परिसर में जमकर मारपीट हुई। घटना के बाद तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार को वाड्रफनगर तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे की अदालत में जमीन से जुड़े मामले की सुनवाई चल रही थी। प्रकरण में आवेदक इलियासुदीन और अनावेदक पक्ष रसीद, अफजल व अन्य लोग उपस्थित थे।

सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अनावेदक पक्ष के लोगों और गवाहों ने दूसरे पक्ष के अधिवक्ता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

स्थिति बिगड़ने पर तहसील कार्यालय से दोनों पक्षों को बाहर निकाला गया, लेकिन तहसील और सिविल कोर्ट परिसर में भी विवाद थमा नहीं। दोनों पक्षों के लोग फिर आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार गुरुदत्त पंचभावे ने पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने न्यायालय की गरिमा भंग करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के साथ घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है।

वाड्रफनगर चौकी पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 समेत अन्य धाराओं के तहत 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button