वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, टीएस सिंहदेव ने शीर्ष नेताओं से की मुलाकात

रायपुर/दिल्ली। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, AICC महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।
मुलाकात के बाद टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोट चोरी के खिलाफ पूरी तरह एकजुट है और इस मुद्दे पर जनता तक अपना संदेश मजबूती से पहुंचाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में “वोट चोरी” के आरोपों को लेकर बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हो रही हैं और सरकार तथा चुनाव आयोग की मिलीभगत से लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस रैली का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दबाव बनाना है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।





